PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : महिला सशक्तिकरण और कुपोषण मुक्ति के लिए मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में अभिनव पहल – मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका और बाल पोषण को जोड़ते हुए ग्राम भर्रीटोला में ‘पोषण पहल सखी’ परियोजना शुरू की जा रही है। इसके क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन और आईआईटी भिलाई के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
महिलाओं के लिए आजीविका, बच्चों को मिलेगा पोषण – कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के लिए स्थायी और सम्मानजनक आजीविका के अवसर तैयार करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है। ग्राम भर्रीटोला के गौठान में महिलाओं द्वारा संचालित लेयर पोल्ट्री उद्यम स्थापित किया जाएगा, जिसका संचालन तिरंगा संकुल स्तरीय संगठन के सहयोग से होगा।
परियोजना से तीन महिलाओं को स्थायी आजीविका से जोड़ा जाएगा। वहीं गांव के 50 आंगनबाड़ी बच्चों को सप्ताह में दो बार निःशुल्क अंडे दिए जाएंगे, जिससे उनके नियमित आहार में प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ की उपलब्धता बढ़ेगी।
तीन पक्षों की साझेदारी से संचालित होगी परियोजना – ‘पोषण पहल सखी’ के तहत जिला प्रशासन आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराएगा। आईआईटी भिलाई क्रियान्वयन एजेंसी के रूप में वैज्ञानिक और तकनीकी मार्गदर्शन देगा, जबकि एबीस फूड्स एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड (आईबी ग्रुप) सीएसआर के तहत वित्तीय सहयोग प्रदान करेगा।
वैज्ञानिक प्रशिक्षण से सक्षम होंगी महिलाएं – आईआईटी भिलाई महिला स्व-सहायता समूहों को वैज्ञानिक मुर्गीपालन, जैव-सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन, उद्यम संचालन और विपणन का प्रशिक्षण देगा। परियोजना को आगामी तीन वर्षों में आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। इसके बाद प्रशिक्षित महिला समूहों को उद्यम संचालन की जिम्मेदारी सौंपने की योजना है, ताकि रोजगार और पोषण से जुड़ी यह पहल लंबे समय तक स्थानीय स्तर पर संचालित हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्ज्वल पोरवाल, आईआईटी भिलाई के एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रधान अन्वेषक डॉ. जोस इमैनुएल आर., प्रोजेक्ट इंजीनियर सुश्री जेनिशा बेनेटन तथा एबीस फूड्स एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड के सीएसआर मैनेजर शिवेंद्र दुबे उपस्थित रहे।

