PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से छत्तीसगढ़ के किसानों को केंद्र से 181.99 करोड़ रुपये की सौगात – राष्ट्रीय कृषि मंत्रियों के सम्मेलन ‘रबी अभियान 2026’ के अवसर पर 28-29 सितंबर को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना के तहत छत्तीसगढ़ के लिए कुल 181.99 करोड़ रुपये की द्वितीय मद की राशि जारी किए जाने की जानकारी दी।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना से 91.20 करोड़, कृषि उन्नति योजना से 90.79 करोड़ – केंद्र सरकार द्वारा जारी राशि में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 91.20 करोड़ रुपये और कृषि उन्नति योजना के तहत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं। इससे राज्य में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी और किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाने पर केंद्र का जोर – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और राज्यों के साथ मिलकर कृषि के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ सरकार राशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग कर किसानों तक इसका अधिकतम लाभ पहुंचाएगी।
कृषि मंत्री ने जताया आभार – कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्र सरकार द्वारा कृषि विकास और किसानों के हित में राशि जारी किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई गति मिल रही है। प्राप्त राशि का उपयोग कृषि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में किया जाएगा।
28-29 सितंबर को आयोजित हुआ ‘रबी अभियान 2026’ सम्मेलन – राष्ट्रीय कृषि मंत्रियों के सम्मेलन में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों, किसानों के हित में संचालित योजनाओं और कृषि विकास की आगामी रणनीतियों पर चर्चा की जा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य मुलाकात की।

