PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – अंबिकापुर : राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने सरगुजा संभाग के 25 प्रकरणों की सुनवाई की – छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को अंबिकापुर में सरगुजा संभाग स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। संभाग स्तर पर यह पहली और प्रदेश स्तर पर आयोग की नौवीं जनसुनवाई थी। इसमें सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों से संबंधित 25 प्रकरणों पर सुनवाई हुई, जिनमें छह प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए। जनसुनवाई में संभाग प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी शुक्ला भी उपस्थित रहीं।
मानसिक और कार्यस्थल प्रताड़ना के मामलों में जांच के निर्देश – पक्षकारों को सुनने के बाद मानसिक प्रताड़ना से जुड़े एक प्रकरण में कलेक्टर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कार्यस्थल पर प्रताड़ना के एक अन्य प्रकरण में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से संबंधित अन्य मामलों में संबंधित संरक्षण अधिकारियों को जांच कर आयोग के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया।
तथ्यात्मक प्रतिवेदन के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई – अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने अधिकारियों को सौंपे गए प्रकरणों की जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई के साथ संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान, नोडल अधिकारी एवं उप निरीक्षक विजय गुप्ता, विधिक सहायता टीम, संरक्षण अधिकारी श्रीमती सुलेखा कश्यप, श्रीमती शिखा वर्मा, श्रीमती वित्तबाला सिन्हा, श्रीमती इन्द्रकुवारी तिवारी और श्रीमती सुमित्रा सिंह सहित संबंधित जिलों के सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिकाएं उपस्थित रहीं।

