गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : नदी घाट की सफाई कर सकोला के ग्रामीणों ने दिया जल संरक्षण का संदेश

PTV BHARAT 29 SEPTEMBER 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : नदी घाट की सफाई कर सकोला के ग्रामीणों ने दिया जल संरक्षण का संदेश – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पेण्ड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत सकोला में जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नदी घाट की सफाई, जल स्रोतों की स्वच्छता, जल जन चौपाल, जनसंपर्क, ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच और ग्राम जल सुरक्षा संवाद जैसी गतिविधियां हुईं। ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने और जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का सामूहिक संकल्प लिया।

नदी घाट की सफाई से दिया स्वच्छता का संदेश – ग्रामीणों और विभागीय अमले ने नदी घाट तथा आसपास के जल स्रोतों की साफ-सफाई की। लोगों को बताया गया कि जल स्रोतों की स्वच्छता सुरक्षित पेयजल और स्वस्थ जीवन से सीधे जुड़ी है। नदी, तालाब, कुएं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के आसपास कचरा नहीं डालने तथा नियमित सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

जल की हर बूंद के संरक्षण पर जोर – जल जन चौपाल में जल के विवेकपूर्ण उपयोग और उपलब्ध संसाधनों के संरक्षण पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने वर्षा जल, नदी-तालाब और अन्य प्राकृतिक एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सामुदायिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

पेयजल स्रोतों की जांच और जल सुरक्षा संवाद – कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच की गई। ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के महत्व, जल स्रोतों की नियमित निगरानी और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। ग्राम जल सुरक्षा संवाद में जल संरक्षण एवं संवर्धन में ग्रामीणों की भूमिका पर चर्चा करते हुए इसे पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी बताया गया।

ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प – कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने, जल का अपव्यय रोकने, नदी घाट और अन्य जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छता, जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को जोड़ते हुए ग्रामीणों में जल के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का माध्यम बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *