PTV BHARAT 30 SEPTEMBER 2026 – दुर्ग : ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का सम्मान – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नगर पालिक निगम दुर्ग के वार्ड क्रमांक-17 कादम्बरी नगर स्थित आंगनबाड़ी भवन में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण की रोकथाम के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित भी किया गया।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पौष्टिक आहार सहित विभिन्न सेवाओं एवं गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ पीढ़ी की आधारशिला है और गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण का सीधा प्रभाव आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य पर पड़ता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन घर-घर पहुंचकर पोषण के प्रति जागरूकता और कुपोषण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
गोद भराई और अन्नप्राशन से दिया पोषण का संदेश – कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। छह माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। माताओं को गर्भावस्था और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। बच्चों को खीर, पूरी-हलवा, केला, सलाद, लड्डू सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वार्ड पार्षद श्रीमती सुरूचि पाटिल, श्रीमती रंजीता पाटिल, श्रीमती जयश्री राजपूत सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, मितानिन, माताएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

