PTV BHARAT 30 SEPTEMBER 2026 – दुर्ग : सक्षम योजना से हिमांशी वर्मा को मिली नई पहचान, पार्लर और बुटीक व्यवसाय से बनीं आत्मनिर्भर – दुर्ग जिले के ग्राम नवागांव (पुरदा) निवासी हिमांशी वर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और शासन की सक्षम योजना से आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। आर्थिक संसाधनों की कमी के बावजूद हिमांशी आज पार्लर एवं बुटीक का संचालन कर अपने सपनों को साकार कर रही हैं।
सक्षम योजना से मिला आर्थिक सहारा – हिमांशी हमेशा से स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती थीं, लेकिन सीमित आर्थिक संसाधन उनके रास्ते में बाधा थे। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता शर्मा के माध्यम से उन्हें सक्षम योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत आवेदन करने पर उन्हें 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली, जिसका उपयोग उन्होंने पार्लर एवं बुटीक व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया। करीब एक वर्ष पहले शुरू हुआ उनका व्यवसाय अब धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रहा है।
रोजगार के साथ परिवार को भी सहारा – वर्तमान में हिमांशी के पास प्रतिदिन लगभग 5 से 7 ग्राहक आते हैं, जिससे उन्हें करीब 250 से 300 रुपये प्रतिदिन की आय हो रही है। वह स्वयं व्यवसाय का संचालन कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में भी योगदान दे रही हैं।
हिमांशी वर्मा कहती हैं कि सक्षम योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। उनके लिए यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का माध्यम भी बनी है। आज उनका अपना व्यवसाय है और वे अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। सक्षम योजना स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के साथ आत्मविश्वास और नई उम्मीद का माध्यम बनी है।

