PTV BHARAT 01 OCTOBER 2026 – रायपुर : वृद्धावस्था बीमारी नहीं, जीवन का स्वाभाविक चरण – अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के मेडिसिन विभाग की जेरियाट्रिक यूनिट द्वारा वृद्धजनों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं गरिमापूर्ण वृद्धावस्था को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जागरूकता एवं स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समय पर जांच और उपचार जरूरी – मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. देवप्रिया लकड़ा, डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा एवं अन्य चिकित्सकों तथा मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में आमजन से वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर नियमित ध्यान देने और उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को केवल बुढ़ापे का सामान्य हिस्सा मानकर नजरअंदाज न करने की अपील की गई। चिकित्सकों ने कहा कि समय पर जांच, उचित उपचार, स्वस्थ जीवनशैली और परिवार का सहयोग वृद्धजनों के बेहतर एवं गरिमापूर्ण जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. (प्रो.) योगेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि वृद्धावस्था कोई बीमारी नहीं, बल्कि जीवन का स्वाभाविक चरण है। उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई परिवर्तन होते हैं, इसलिए स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और नियमित चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, गठिया, दृष्टि एवं श्रवण संबंधी समस्याओं के साथ स्मृति एवं मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, चलने-फिरने में कठिनाई और गिरने जैसी समस्याएं भी महत्वपूर्ण हो जाती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य आकलन में शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को समग्र रूप से ध्यान में रखना चाहिए।
स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए जीवनशैली पर जोर – डॉ. मल्होत्रा ने कहा कि स्वस्थ वृद्धावस्था का अर्थ केवल बीमारी से मुक्त रहना नहीं, बल्कि दैनिक गतिविधियां यथासंभव स्वयं करना, सामाजिक रूप से सक्रिय रहना और सम्मान एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन जीना भी है। इसके लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उम्र और स्वास्थ्य के अनुरूप नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, मानसिक एवं सामाजिक सक्रियता और दवाओं की समय-समय पर चिकित्सकीय समीक्षा आवश्यक है।
जेरियाट्रिक ओपीडी में हुई जांच – कार्यक्रम के दौरान ओपीडी में बुजुर्ग मरीजों की नेत्र, कान-नाक-गला और BMD सहित विभिन्न जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। डॉ. प्राची दुबे, डॉ. हिमेश्वरी वर्मा, डॉ. वेणुगोपाल मांगरेकर, डॉ. मंजूनाथ जी.के., डॉ. अंकित शर्मा और डॉ. ज्योति बंजारे भी जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए।
बुजुर्गों के लिए नियमित जेरियाट्रिक ओपीडी – अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की नियमित देखभाल और समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से अस्पताल में बुजुर्गों के लिए विशेष जेरियाट्रिक ओपीडी नियमित रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को सम्मानजनक और सहज वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

