गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सोनकछार जलाशय में ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

PTV BHARAT 04 OCTOBER 2026 – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सोनकछार जलाशय में ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प – सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल को लेकर लगातार जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पिपरखुटी स्थित सोनकछार जलाशय में जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जलाशय की सफाई और जल सुरक्षा पर जागरूकता – अभियान के दौरान ग्रामीणों की सहभागिता से सोनकछार जलाशय और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। जल जन चौपाल, ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच और ग्राम जल सुरक्षा संवाद के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित जल, वर्षा जल संचयन और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

जल स्रोतों की स्वच्छता से जुड़ा स्वास्थ्य और पर्यावरण – जल जन चौपाल में बताया गया कि जल स्रोतों की स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के स्वास्थ्य से भी जुड़ी है। तालाब, जलाशय और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों से वर्षा जल का संचयन करने और दैनिक जीवन में पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने का आग्रह किया गया।

ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प – ग्राम पंचायत पिपरखुटी के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और जल संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

सेवा संकल्प अभियान की यह पहल जल स्रोतों की साफ-सफाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि ग्रामीणों को जल सुरक्षा की सामूहिक जिम्मेदारी से जोड़ने का माध्यम बनी। जनभागीदारी के जरिए “स्वच्छ जल स्रोत-सुरक्षित भविष्य” का संदेश देते हुए जल संरक्षण को जन-अभियान बनाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *