रायपुर : 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, रायपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन

PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, रायपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन – बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। पांचों शैक्षणिक संभागों के खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की और विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। शानदार प्रदर्शन के दम पर रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इस दौरान मंत्री ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की घोषणा भी की।

खेलों से बढ़ती है सांस्कृतिक समझ : शिक्षा मंत्री – खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए गजेंद्र यादव ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ विभिन्न संस्कृतियों, खान-पान और रहन-सहन को समझने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई से 31 अक्टूबर तक चलने वाली इस स्पर्धा का उद्देश्य बच्चों को अलग-अलग जिलों की संस्कृति से परिचित कराना है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेल में शामिल कराए गए कुराश खेल का आयोजन भी इसी प्रतियोगिता के तहत बलौदाबाजार में हुआ।

रग्बी और नेटबॉल में रायपुर का दबदबा – रग्बी अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग प्रथम, बस्तर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा। नेटबॉल अंडर-19 बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा।

कुराश प्रतियोगिता के परिणाम – अंडर-14 बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहे। बालिका वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर, एसपी आनंद यादव, राकेश ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *