PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : मातृत्व की राह में सरकार बनी सहारा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से वर्षा पुरी को मिला आर्थिक संबल – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमाडांड की वर्षा पुरी के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आर्थिक सहारा बनी है। योजना से मिली सहायता राशि का उपयोग उन्होंने बच्चे के जन्म के बाद उसके पालन-पोषण और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया, जिससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम हुआ।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने दिखाई योजना तक पहुंचने की राह – वर्षा पुरी को गर्भावस्था के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। उन्हें योजना के उद्देश्य, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रसव के कुछ महीनों के भीतर सहायता राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई।
बच्चे की जरूरतें पूरी करने में मिली मदद – वर्षा पुरी ने बताया कि योजना से मिली राशि का उपयोग उन्होंने बच्चे के भरण-पोषण और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया। आर्थिक सहायता मिलने से बच्चे की देखभाल में सहूलियत हुई और परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव भी कम हुआ। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय मिलने वाली सहायता से माताओं को स्वयं और अपने बच्चों की बेहतर देखभाल करने में मदद मिलती है।
योजना का लाभ मिलने पर जताया आभार – वर्षा पुरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं देखभाल के लिए संचालित योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष सहायता मिल रही है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के माध्यम से योजना की जानकारी मिलने से पात्र महिलाओं के लिए इसका लाभ लेना आसान हो रहा है। आमाडांड की वर्षा पुरी की कहानी बताती है कि समय पर मिली योजना की जानकारी और आर्थिक सहायता मातृत्व के महत्वपूर्ण दौर में परिवार के लिए उपयोगी सहारा बन सकती है।

