PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : कच्ची झोपड़ी से पक्के घर तक, पीएम जनमन आवास ने बदली रोन्हू के परिवार की जिंदगी – सरगुजा जिले के लुण्ड्रा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत ससौली निवासी विशेष पिछड़ी जनजातीय समूह के सदस्य रोन्हू, पिता सोनसाय के परिवार को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना (ग्रामीण) से पक्का घर मिला है। वर्ष 2023-24 में आवास निर्माण के लिए 2 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई। पक्का घर बनने के बाद परिवार को मौसम की परेशानियों से राहत के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार मिला है।
बारिश में टपकती थी छत, आंधी में सताता था डर – पक्का मकान बनने से पहले रोन्हू का परिवार कच्ची दीवारों और घास-फूस की छत वाली झोपड़ी में रहता था। बारिश में छत से पानी टपकता था, जबकि तेज हवा और आंधी में घर के क्षतिग्रस्त होने का डर बना रहता था। ठंड के मौसम में भी परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कीड़े-मकौड़ों का जोखिम और झोपड़ी की बार-बार मरम्मत का खर्च भी परिवार के लिए चुनौती था।
पक्की छत के साथ मिली बुनियादी सुविधाएं – नए आवास से परिवार को मजबूत छत के साथ बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मिली हैं। अब बारिश, तेज हवा और ठंड के दौरान घर की सुरक्षा को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं रहती। बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी अधिक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिला है।
सुरक्षित घर से बढ़ा सम्मान और भविष्य का भरोसा – रोन्हू के लिए पक्का घर केवल मकान नहीं, बल्कि वर्षों की असुरक्षा और परेशानियों से राहत का आधार है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से मिले आवास ने उनके परिवार को सुरक्षित छत, बुनियादी सुविधाएं और बेहतर जीवन का अवसर दिया है। अब परिवार अपने पक्के घर में अधिक निश्चिंत होकर रह रहा है और भविष्य को लेकर उसका भरोसा भी बढ़ा है।

