PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : फसल विविधीकरण, किसान पंजीयन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हुए ग्रामीण – सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले में विशेष शिविर आयोजित किया गया। इसमें कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया।
फसल विविधीकरण और आदान सहायता की जानकारी – कृषि विभाग ने कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य पात्र फसलें लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपए की आदान सहायता के प्रावधान की जानकारी दी। इसके लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे और गिरदावरी में फसल की सही प्रविष्टि होना अनिवार्य बताया गया।
सिंचाई, ऋण और पंजीयन पर जोर – शिविर में प्रधानमंत्री आशा योजना के तहत दलहन-तिलहन खरीदी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अनुदान, कृषि यंत्रीकरण पर सब्सिडी और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ब्याजमुक्त ऋण की जानकारी दी गई। आगामी धान खरीदी में असुविधा से बचने के लिए किसानों से समय पर एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की गई।
उद्यानिकी और मत्स्य पालन के अवसर – उद्यानिकी विभाग ने ग्रामीणों को मौसमी फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया। वहीं मत्स्य विभाग ने मछली बीज वितरण पर मिलने वाले अनुदान और मत्स्य पालन से जुड़े अवसरों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य योजनाओं की भी दी जानकारी – स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड बनवाकर मुफ्त उपचार का लाभ लेने की जानकारी दी। गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया गया। सर्पदंश की स्थिति में तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लेने और एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता के बारे में भी बताया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध किफायती दवाइयों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को कृषि, आजीविका और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।

