रायपुर : सेवा संकल्प में कलेक्टर ने वृद्धजनों का किया सम्मान

PTV BHARAT 06 OCTOBER 2026 – रायपुर : सेवा संकल्प में कलेक्टर ने वृद्धजनों का किया सम्मान – सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ जिले में 1 से 15 अक्टूबर तक अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में वृद्धजनों के सम्मान और स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने वृद्धजनों का सम्मान कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल, डीपीएम रंजना पैकरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

87 वृद्धजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण – कार्यक्रम में 87 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं और परामर्श उपलब्ध कराया गया। जरूरतमंद 15 वृद्धजनों को छड़ी और 6 को वॉकर प्रदान किए गए। वहीं 60 वृद्धजनों को श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

वृद्धजनों की हड्डियों की मजबूती की जांच के लिए निःशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसका लगभग 100 वृद्धजनों ने लाभ लिया। जांच के साथ हड्डियों और जोड़ों की देखभाल तथा बढ़ती उम्र में शारीरिक सक्रियता बनाए रखने की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने बताए हड्डियों और जोड़ों की देखभाल के उपाय – अस्थिरोग विभागाध्यक्ष डॉ. राज कुमार गुप्ता ने हड्डियों और जोड़ों की देखभाल तथा संबंधित समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सिद्धार्थ सिन्हा और डॉ. श्यामजीत किंडो ने वृद्धजनों को उपयोगी व्यायामों का प्रदर्शन कर अभ्यास कराया। इनमें जोड़ों की गतिशीलता, सुरक्षित चलने और उठने-बैठने से जुड़े व्यायाम शामिल रहे।

विशेषज्ञों ने वृद्धजनों को अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार नियमित व्यायाम करने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। फिजियोथेरेपी सेवाओं के साथ जरूरतमंद वृद्धजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *