रायपुर : सचिव भीम सिंह ने अबूझमाड़ में निर्माणाधीन तीन सड़कों का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 2 NOVEMBER 2026 – रायपुर : सचिव भीम सिंह ने अबूझमाड़ में निर्माणाधीन तीन सड़कों का किया निरीक्षण

छत्तीसगढ़ के दुर्गम एवं दूरस्थ अंचल अबूझमाड़ में सड़क संपर्क का विस्तार कर ग्रामीणों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं नारायणपुर जिले के प्रभारी सचिव भीम सिंह ने क्षेत्र का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण किया।

10.95 किलोमीटर सड़कों के निर्माण की समीक्षा

प्रभारी सचिव ने आकाबेड़ा से कलमानार तक 7.3 किलोमीटर, कस्तूरमेटा से हिकपाड़ तक 2.5 किलोमीटर और कुकड़ाझोर से ताड़ोनार तक 1.15 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सड़कों का जायजा लिया। इन तीनों मार्गों की कुल लंबाई 10.95 किलोमीटर है। इनके निर्माण से दूरस्थ गांवों का सड़क संपर्क मजबूत होगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने और कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण सामग्री की नियमित जांच और कार्यों की सतत निगरानी पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में लापरवाही या किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों से संवाद कर जानी स्थानीय जरूरतें

निरीक्षण के दौरान भीम सिंह ने कस्तूरमेटा से हिकपाड़ मार्ग का अवलोकन किया और स्थानीय निवासी मंतूराम गोटा से बातचीत कर गांव की जनसंख्या, परिवारों की संख्या और बसाहट की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने, कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने और अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।

पीएम जनमन के तहत आवास निर्माण में तेजी के निर्देश

प्रभारी सचिव ने ताड़ोनार गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही नीलकंठ यादव के नवनिर्मित आवास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही से आवास निर्माण और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के पात्र परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाया जाए।

रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर

भीम सिंह ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पीएम जनमन एवं वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मूलभूत अधोसंरचना के विकास के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले पात्र परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता के.के. कटारे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *