पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

PTV BHARAT 07 MAR 2025   नई दिल्ली। पंजाब के प्रसिद्ध पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद घटना का राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेने का आग्रह किया है। जानकारी के मुताबिक पंजाब के कपूरथला की रहने वाली 22 वर्षीय एक युवती ने बजिंदर सिंह के खिलाफ शिकायत दी है। युवती ने पादरी पर गलत तरीके से छूने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला आयोग ने पीड़िता को सुरक्षा देने और पादरी बजिंदर सिंह को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक्स पर लिखा, “अध्यक्ष विजया राहतकर के निर्देश पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने पंजाब के जालंधर में यौन उत्पीड़न के आरोप में पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ दर्ज शिकायत से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स का स्वतः संज्ञान लिया है।आयोग ने भारतीय न्याय संहिता- 2023 के तहत त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है, जिसमें उनकी गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करना शामिल है। एटीआर और एफआईआर की प्रति तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत की जानी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कपूरथला पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। जालंधर के गांव ताजपुर में बजिंदर सिंह ‘द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ के नाम से मसीही सत्संग का आयोजन करते हैं। उनके वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक बजिंदर सिंह का जन्म हरियाणा के यमुनानगर जिले में हुआ है। हत्या के एक मामले में बजिंदर जेल जा चुके हैं। जेल में ही उन्होंने ईसाई धर्म अपनाया था। बजिंदर सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का खंडन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *