PTV BHARAT 23 JUNE 2026 – रायपुर : सोमनाथ मंदिर हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख केन्द्र : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र है। अनेक बार आक्रांताओं द्वारा मंदिर को ध्वस्त किए जाने के बावजूद उसका बार-बार पुनर्निर्माण होना देशवासियों की अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है।
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार और साहित्यकार विशेष ट्रेन से सोमनाथ के लिए रवाना हुए। यात्रा में शामिल श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिवालयों की पावन मिट्टी और प्रदेश की नदियों का जल कलश लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान सोमनाथ को अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान सोमनाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक पूरे देश में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत इस यात्रा का आयोजन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 75 वर्ष पूर्व देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर का लोकार्पण किया था।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से रवाना हो रहे कलाकार, साहित्यकार और सम्मानित व्यक्तित्व अपने-अपने क्षेत्रों के धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के शिवालयों की पावन मिट्टी और नदियों का जल साथ लेकर जा रहे हैं, जो भारत की सांस्कृतिक एकता का जीवंत प्रतीक है।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को निकट से जानने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने भगवान सोमनाथ से देश और छत्तीसगढ़ की समृद्धि, शांति और विकास की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात की, उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, संपत अग्रवाल, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

