PTV BHARAT 23 JUNE 2026 – रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से रोशन हो रहे छत्तीसगढ़ के घर, बिजली बिल में हजारों रुपये की बचत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जारी है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों परिवार बिजली बिल में राहत पाने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
खैरागढ़ के सतेंद्र कुमार को मिला बड़ा लाभ
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम बेन्द्रिडीह निवासी सतेंद्र कुमार ने योजना के तहत अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कराया। पहले उनका मासिक बिजली बिल लगभग 1500 रुपये आता था, लेकिन सौर ऊर्जा प्रणाली लगने के बाद पिछले चार महीनों से उनका बिजली बिल शून्य हो गया है।
पिछले महीने उनके सोलर सिस्टम ने 478 यूनिट बिजली का उत्पादन किया, जिसमें से 376 यूनिट बिजली ग्रिड को निर्यात की गई। इससे उन्हें आर्थिक बचत के साथ अतिरिक्त ऊर्जा उत्पादन का भी लाभ मिल रहा है।
कुनकुरी के व्यवसायी ने घटाया बिजली खर्च
जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी व्यवसायी प्रभाष कुमार जैन ने अपने घर में 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया है। लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना में उन्हें 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपये प्रति माह तक आता था, जबकि सोलर सिस्टम लगने के बाद खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने आवेदन से लेकर स्थापना तक की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बताया।
मुंगेली में भी मिल रहा लाभ
मुंगेली जिले के पथरिया निवासी निश्चल गुप्ता ने भी अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया है। इसके बाद उनकी अधिकांश बिजली आवश्यकताएं सौर ऊर्जा से पूरी होने लगी हैं और घरेलू बिजली खर्च में लगातार कमी दर्ज की जा रही है।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप संचालित यह योजना प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का आधार बन रही है। इससे नागरिकों को बिजली खर्च से राहत मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
योजना में आकर्षक सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना के लिए आकर्षक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है—
- 1 किलोवाट क्षमता पर ₹45,000 तक सब्सिडी
- 2 किलोवाट क्षमता पर ₹90,000 तक सब्सिडी
- 3 किलोवाट क्षमता पर ₹1,08,000 तक सहायता
इसके अतिरिक्त बैंकों के माध्यम से आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
योजना के विस्तार से छत्तीसगढ़ में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ परिवारों को दीर्घकालिक आर्थिक बचत और ऊर्जा सुरक्षा का नया विकल्प प्राप्त हो रहा है।

