PTV BHARAT 24 JUNE 2026- बीजापुर : जल जीवन मिशन से बदली भटपल्ली की तस्वीर, हर घर तक पहुंचा शुद्ध पेयजल – जल जीवन मिशन के अंतर्गत भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सोमनपल्ली के आश्रित ग्राम भटपल्ली में हर घर नल से जल आपूर्ति सुनिश्चित होने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पहले पेयजल के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे लोगों को लंबी कतारों और विभिन्न मौसमों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब योजना के तहत 10 केएल क्षमता वाले दो सोलर आधारित जल संरचनाओं के माध्यम से 34 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन देकर नियमित शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजना के संचालन एवं संधारण के लिए गांव से नल जल मित्र का चयन कर उसे तकनीकी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है, जिससे जल आपूर्ति व्यवस्था का स्थानीय स्तर पर प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
ग्रामसभा के माध्यम से भटपल्ली को शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ प्रमाणित किया गया। ग्रामसभा में जल आपूर्ति व्यवस्था, रखरखाव एवं जलकर संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए प्रत्येक परिवार से 40 रुपये प्रतिमाह जलकर लेने पर सहमति बनी।
ग्रामीण बोडाराम कारटम ने बताया कि पहले पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब घरों में नल से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल मिलने से पानी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है।
भटपल्ली की यह उपलब्धि जल जीवन मिशन के ‘हर घर जल’ लक्ष्य को साकार करने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इस पहल ने ग्रामीणों को सुविधाजनक पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के प्रति भी जागरूक किया है।

