अम्बिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- अम्बिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक – कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त नोडल अधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, डीपीएम, सीपीएम, सभी बीएमओ, बीपीएम, अस्पताल सलाहकार तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने मानसून के दौरान संभावित मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम, उपचार व्यवस्था, नियमित एवं विशेष टीकाकरण गतिविधियों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, दस्त, टायफाइड और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, जांच किटों तथा उपचार संबंधी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में मानसून जनित बीमारियों के उपचार हेतु पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा ग्राम स्तर पर मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि टीकाकरण से वंचित हितग्राहियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए और उन्हें निर्धारित सभी टीके लगाए जाएं।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की गतिविधियों तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने U-WIN (Universal Immunization WIN) पोर्टल की प्रगति की भी जानकारी ली और गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के शत-प्रतिशत पंजीयन तथा समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र गर्भवती महिलाओं और बच्चों का U-WIN पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाए तथा प्रत्येक हितग्राही को निर्धारित समयानुसार सभी आवश्यक टीके लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम, मितानिनों तथा अन्य मैदानी अमले को घर-घर संपर्क कर छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान करने तथा उनका तत्काल पंजीयन और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकासखंडों में नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मानसून मौसम को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *