बस्तर : बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा बड़ा विस्तार

PTV BHARAT 24 JUNE 2026- बस्तर : बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा बड़ा विस्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के तहत जगदलपुर के ऐतिहासिक महारानी अस्पताल को संभाग का सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक चिकित्सा केंद्र बनाने के लिए 7 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कार्ययोजना तैयार की गई है। अस्पताल के कायाकल्प और उन्नयन का कार्य विभिन्न चरणों में किया जाएगा, जिसके माध्यम से बस्तरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस योजना के अंतर्गत ओपीडी, आपातकालीन इकाई, ओटी कॉम्प्लेक्स और आईसीयू को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

बस्तर संभाग के लाखों लोगों के लिए यह एक बड़ी राहत भरी खबर है। जल्द ही स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को सुपर-स्पेशियलिटी स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल, जगदलपुर के व्यापक उन्नयन और आधुनिकीकरण के लिए 7 करोड़ 1 लाख रुपये से अधिक का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जगदलपुर के कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में आयोजित जीवन दीप समिति की बैठक में अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और नई मशीनें मिलेंगी

प्रस्ताव के अनुसार अस्पताल की चिकित्सा प्रणाली को पूरी तरह उन्नत किया जाएगा। मॉड्यूलर ओटी के नवीनीकरण के तहत प्रसूति, स्त्री रोग और सामान्य सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटरों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। अस्पताल में सीटी स्कैन जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए विद्युत व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। साथ ही कलर डॉपलर, मोबाइल डीआर सिस्टम, एंडोस्कोपी और लेप्रोस्कोपी जैसी आधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी। नेत्र एवं ईएनटी विभाग के लिए भी नए उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

शिशु एवं बाल स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

संभाग में नवजात और बच्चों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके तहत 12 बिस्तरीय पीडियाट्रिक आईसीयू (PICU) और 30 बिस्तरीय शिशु रोग वार्ड के शीघ्र संचालन हेतु मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों को मंजूरी दी गई है। गंभीर रूप से बीमार बच्चों के इलाज के लिए एसएनसीयू और एमएनसीयू वार्डों में अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे।

बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा अस्पताल

महारानी अस्पताल में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए 78 लाख रुपये की लागत से ऑन-ग्रिड सोलर पावर सिस्टम स्थापित किया जाएगा। आपातकालीन बिजली बैकअप के लिए 65 लाख रुपये की लागत से नया उच्च क्षमता वाला डीजी सेट भी लगाया जाएगा। इसके अलावा मरीजों के परिजनों के लिए पार्किंग सुविधा और होम शेल्टर का निर्माण किया जाएगा।

पारदर्शिता के लिए कड़ा फैसला

स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समिति ने धन्वंतरी दवा केंद्र के वर्तमान अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाने की सिफारिश की है। साथ ही अटल आरोग्य लैब के अंतर्गत माइक्रोबायोलॉजी विभाग को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट और एयर हैंडलिंग यूनिटों की मरम्मत को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

निर्धारित समय-सीमा में पूरे होंगे काम

कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब मरीजों को जगदलपुर में ही उच्च स्तरीय और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर न जाना पड़े। यह पहल बस्तर के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *