PTV BHARAT 3 AUGUST 2026 रायपुर : कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया सत्य साई ग्राम का दौरा – कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर स्थित श्री सत्य साई ग्राम का दौरा कर वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में संचालित मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम को और प्रभावी बनाने तथा बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शैक्षणिक विकास के लिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
दौरे के दौरान मंत्री ने साईश्योर एलएलपी न्यूट्रास्यूटिकल संयंत्र का भी निरीक्षण किया, जहां तैयार किया जाने वाला साईश्योर पोषण अनुपूरक देशभर के एक करोड़ से अधिक शासकीय विद्यालयों के बच्चों तक मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।
रामविचार नेताम ने श्री सत्य साई ग्राम के शिक्षा एवं स्वास्थ्य परिसरों का भी भ्रमण किया और मिशन द्वारा पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह दौरा बच्चों के पोषण और समग्र विकास से जुड़ी पहलों में छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

