PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – रायपुर : पीएम जनमन आवास योजना से कुमारी बाई का पक्का घर का सपना हुआ साकार – हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना सुरक्षित घर हो, जहां वह और उसका परिवार सुकून से जीवन बिता सके। केंद्र और राज्य सरकार की पीएम जनमन आवास योजना ऐसे ही जरूरतमंद परिवारों के इस सपने को साकार कर रही है। महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत डुमरपाली के आश्रित ग्राम रामपुर की 35 वर्षीय कुमारी बाई कमार की कहानी इसका प्रेरक उदाहरण है।
विवाह के कुछ समय बाद ही पति के असामयिक निधन के बाद दो छोटे बच्चों की परवरिश और परिवार की पूरी जिम्मेदारी कुमारी बाई के कंधों पर आ गई। आर्थिक तंगी के बीच वह बांस से घरेलू सामान बनाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। रहने के लिए केवल एक कच्चा मकान था, जहां बारिश, आंधी और जंगल से आने वाले जंगली जानवरों का डर हमेशा बना रहता था। ऐसे में पक्का और सुरक्षित घर उनके लिए सिर्फ एक सपना था।
इसी दौरान ग्राम पंचायत के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन) आवास योजना की जानकारी मिली। पात्रता के आधार पर उनका नाम योजना में स्वीकृत हुआ और उन्हें पक्का आवास उपलब्ध कराया गया।
आज कुमारी बाई अपने दोनों बच्चों के साथ नए पक्के घर में सुरक्षित, सम्मानजनक और निश्चिंत जीवन जी रही हैं। अब उन्हें बारिश, आंधी या जंगली जानवरों का भय नहीं सताता। उनका कहना है कि इस योजना ने उन्हें केवल मकान ही नहीं, बल्कि उनके परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी दी है।
कुमारी बाई ने खुशी व्यक्त करते हुए पीएम जनमन आवास योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

