रायपुर : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना : किसान अजमेर सिंह के लिए संकट की ढाल बनी

PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – रायपुर : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसान अजमेर सिंह के लिए बनी संकट की ढाल – कृषि पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर है और मौसम की अनिश्चितता कई बार किसानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर देती है। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच बनकर सामने आ रही है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के ग्राम पसौरी निवासी किसान अजमेर सिंह की कहानी इस योजना की उपयोगिता को दर्शाती है।

अजमेर सिंह ने अपनी लगभग चार एकड़ कृषि भूमि में गेहूं की फसल बोई थी। खेती के साथ उन्होंने दूरदर्शिता दिखाते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा भी कराया। फसल तैयार होने से पहले प्राकृतिक कारणों से उनकी गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

फसल खराब होने के बाद उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीमा दावा प्रस्तुत किया। संबंधित अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद बीमा कंपनी ने उन्हें 24 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। यह आर्थिक सहायता खेती से हुए नुकसान की भरपाई में उनके लिए महत्वपूर्ण संबल साबित हुई।

अजमेर सिंह का कहना है कि यदि उन्होंने फसल का बीमा नहीं कराया होता, तो नुकसान की भरपाई करना बेहद कठिन हो जाता। उनके अनुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना विपरीत परिस्थितियों में किसानों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच का कार्य करती है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों को दोबारा खेती करने का आत्मविश्वास देती है और उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से उबरने में मदद करती है।

उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों का समय पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि या अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने पर उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके और आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।

अजमेर सिंह ने किसानों के हित में संचालित इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आज किसानों के लिए केवल बीमा योजना नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का मजबूत आधार बनकर उभर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *