PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – रायपुर : प्रतिबंधित एनालॉग पनीर जब्त, डेयरी का लाइसेंस निलंबित – खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत बुधवार को कई डेयरियों में आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक के निर्देश पर सतगुरु डेयरी का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वहां से 7 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया तथा शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
जांच दल ने इसके बाद कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी सहित कोड़ातराई और पटेलपाली स्थित सतीश एवं मनोज मशरूम डेयरी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान से ओडिशा से लाया गया 8 किलोग्राम एक्सपायरी खोवा बरामद हुआ। अधिकारियों ने खोवे को मौके पर ही नष्ट कराते हुए संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में इस प्रकार की विशेष जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल उपस्थित रहे।

