रायपुर : खेती में तकनीक का उपयोगः किसानों ने ड्रोन से खरपतवार

PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – रायपुर : खेती में तकनीक का उपयोग, किसानों ने ड्रोन से खरपतवार नाशक का छिड़काव कर बचाया समय और श्रम – बलौदाबाज़ार-भाटापारा जिले के किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को अधिक प्रभावी और किफायती बना रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड भाटापारा के ग्राम पाटन, धौरभठा और खोलवा के किसानों ने लगभग 40 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से खरपतवार नाशक का छिड़काव कर आधुनिक खेती का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया।

पारंपरिक तरीके से इतने बड़े क्षेत्र में छिड़काव करने में 10 से 15 दिन का समय लगता था, लेकिन ड्रोन की मदद से यह कार्य कुछ ही घंटों में पूरा हो गया। इससे किसानों के समय, श्रम और लागत तीनों की उल्लेखनीय बचत हुई।

ग्राम धौरभठा के किसान आलोक जायसवाल और ग्राम खोलवा के किसान गुड्डू चांडक ने बताया कि पहले दो से तीन एकड़ क्षेत्र में छिड़काव के लिए दो मजदूरों को पूरा दिन लग जाता था। अब ड्रोन की सहायता से 40 हेक्टेयर क्षेत्र में एक ही दिन में छिड़काव पूरा हो गया। इसके अलावा कम पानी की आवश्यकता पड़ी और पीठ पर दवा की टंकी ढोने की परेशानी भी नहीं रही।

कृषि विभाग और स्थानीय कृषि तकनीक सेवा प्रदाता के सहयोग से ड्रोन के माध्यम से निर्धारित ऊंचाई से समान रूप से खरपतवार नाशक का छिड़काव किया गया। इससे दवा की बर्बादी कम हुई, फसल पर दवा का प्रभाव बेहतर रहा और मैनुअल छिड़काव की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत समय की बचत हुई। साथ ही मजदूरी और दवा की लागत भी घटी तथा खरपतवार नियंत्रण अधिक प्रभावी रहा।

जिला प्रशासन द्वारा सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को ड्रोन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें इफको कंपनी के चार ड्रोन भी शामिल हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से अब छोटे किसानों को भी कम दर पर ड्रोन सेवा उपलब्ध हो रही है। भाटापारा क्षेत्र में धान और दलहन की फसलों में खरपतवार नियंत्रण के लिए यह तकनीक तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

पाटन, धौरभठा और खोलवा के किसान इस प्रयोग से संतुष्ट हैं और आने वाले सीजन में अधिक क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से छिड़काव कराने की योजना बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *