PTV BHARAT 07 AUGUST 2026 – रायपुर : सोलर हाई मास्ट से रोशन हुए वनांचल के गांव, रात में बढ़ी सुरक्षा और सुविधा – छत्तीसगढ़ सरकार की नियद नेल्ला नार (आपका अच्छा गांव) योजना के तहत बस्तर संभाग के अंदरूनी और वनांचल गांवों के चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर क्रेडा द्वारा सौर ऊर्जा से संचालित सोलर हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। इससे रात के समय गांवों में रोशनी बढ़ी है और ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है।
गांवों में रात के समय बढ़ा उजाला
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सुकमा जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में नियद नेल्ला नार ग्रामों के चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इससे रात के समय गांवों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होने लगी है और लोगों की सुरक्षा तथा सुविधा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
चौक, बाजार और सार्वजनिक स्थान हुए रोशन
पहले इन गांवों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रात में आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बरसात के मौसम में सांप, बिच्छू जैसे विषैले जीवों का खतरा बना रहता था। अब सोलर हाई मास्ट लगने से चौक, बाजार और आसपास के क्षेत्र रोशन रहने लगे हैं, जिससे ग्रामीण अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्राम तोड़का में स्थापित किए जा रहे सोलर हाई मास्ट में 9 मीटर ऊंचा पोल, 1200 वॉट क्षमता के सोलर मॉड्यूल तथा 30 वॉट की 6 एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। इनसे तेज और साफ सफेद रोशनी मिलती है, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध रहता है।
बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ नहीं
यह व्यवस्था डस्क-टू-डॉन तकनीक पर आधारित है। सूर्यास्त होते ही लाइटें स्वतः जल जाती हैं और सूर्योदय के बाद अपने आप बंद हो जाती हैं। इसके लिए सामान्य बिजली की आवश्यकता नहीं होती, जिससे बिजली की बचत होती है और ग्राम पंचायतों या स्थानीय निकायों पर अतिरिक्त बिजली बिल का बोझ भी नहीं पड़ता।
सुरक्षा, सुविधा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा
सोलर हाई मास्ट की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, सुविधा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दे रही है। दूरस्थ वनांचल के गांवों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रहा है। अब नियद नेल्ला नार ग्रामों की रातें अंधेरे में नहीं, बल्कि सोलर हाई मास्ट की रोशनी में अधिक सुरक्षित और सुगम हो रही हैं।

