PTV BHARAT 07 AUGUST 2026 – रायपुर : जीवन में संघर्ष से मिली सफलता ही इतिहास रचती है : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा – रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम बहेसर और तुलसी मार्ग के बीच की दूरी को कम करने वाली नई सड़क के भूमिपूजन अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जीवन में संघर्ष से मिली सफलता ही इतिहास रचती है। एक साधारण परिवार या मजदूर का बच्चा जब मेहनत के बल पर आईएएस या आईपीएस बनता है, तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के विचारों से सीख लेते हुए बिना किसी नकारात्मक प्रतिस्पर्धा के एक-दूसरे के सहयोग से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
42 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा
मंत्री टंक राम वर्मा ने क्षेत्रीय जनभावनाओं और बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें बहेसर में साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, रंगमंच के समीप ज्योति कलश निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा रघुनंदन वर्मा के घर से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा बहेसर प्राथमिक शाला में दो नए कक्षों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा जर्जर पूर्व माध्यमिक शाला भवन के पुनर्निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
ग्रामीण विकास से बदल रही प्रदेश की तस्वीर
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों से पूरे प्रदेश का कायाकल्प हो रहा है और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने एक प्राथमिक शाला के शिक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उनका उद्देश्य सत्ता, पैसा या पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्य करना है जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।

