PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – रायपुर : विशेष लेख : नए आशियानों से संवर रही हैं ग्रामीण नारायणपुर की खुशियाँ – पक्का मकान बनाना हर परिवार का सपना होता है, लेकिन सीमित आय, निर्माण सामग्री की लागत, कुशल मजदूरों की उपलब्धता और आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण यह सपना पूरा करना आसान नहीं होता। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम जनमन योजना ने नारायणपुर जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के इस सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पक्के मकान का सपना बना हकीकत
रोटी, कपड़ा और मकान जीवन की तीन बुनियादी आवश्यकताएं हैं। विशेष रूप से वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए पक्का घर बनाना वर्षों के संघर्ष के बाद भी कठिन होता है। शासन की आर्थिक सहायता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से अब इन परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लाई खुशहाली
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम जनमन (प्रधानमंत्री आदिवासी न्याय महाअभियान) के माध्यम से कच्ची झोपड़ियों की जगह पक्के मकानों का निर्माण तेजी से हो रहा है। जिन परिवारों के घर तैयार हो चुके हैं, वे गृह प्रवेश और पूजा-अनुष्ठान के साथ नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं, जबकि नए हितग्राही भूमि-पूजन के साथ अपने आवास निर्माण की शुरुआत कर रहे हैं।
दो वर्षों में छह हजार से अधिक परिवारों को मिली सौगात
वित्तीय वर्ष 2024-26 के दौरान नारायणपुर जिले में छह हजार से अधिक पात्र परिवारों को पक्के आवास की स्वीकृति दी गई। निर्माण कार्य को गति देने के लिए चार हजार हितग्राहियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है। अब तक 1,650 मकानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष आवासों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में तेजी से जारी है।
अबूझमाड़ तक पहुंचा विकास
दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति अबूझमाड़िया समुदाय के परिवारों तक भी योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के तहत अब तक 4,892 परिवारों का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। इसके आधार पर 2,390 परिवारों के लिए आवास स्वीकृत किए गए हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद 315 पक्के मकान बनकर तैयार हो चुके हैं।
विशेष परियोजनाओं से मिला पुनर्वास
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष परियोजनाओं के तहत भी आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस पहल के अंतर्गत 649 हितग्राहियों को आवास स्वीकृत हुए हैं। इनमें से 410 हितग्राहियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है और 13 परिवार अपने नए पक्के मकानों में रहने लगे हैं।
सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव
प्रधानमंत्री आवास योजना ने केवल पक्के मकान उपलब्ध नहीं कराए हैं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के आत्मविश्वास, सुरक्षा और जीवन स्तर को भी मजबूत किया है। सिर पर सुरक्षित छत मिलने से परिवार अपने और अपने बच्चों के भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं। नारायणपुर के वनांचल क्षेत्रों में यह योजना विकास, सम्मान और खुशहाली की नई कहानी लिख रही है।

