रायपुर : 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – अम्बिकापुर : 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – सरगुजा जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में सभी अमृत सरोवरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के साथ जनभागीदारी, ग्रामीण संवाद, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

‘जनसंवाद 2.0’ में ग्रामीणों ने रखीं गांव की प्राथमिकताएं

‘जनसंवाद 2.0’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत ग्राम संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें ‘विकसित भारत संदेश’, ‘ग्रामीण जनसंवाद’, ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ एवं संकल्प-शपथ जैसे कार्यक्रम प्रमुख रहे। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने गांव की आवश्यकताओं और विकास की प्राथमिकताओं पर संवाद किया। साथ ही विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, हितग्राही, युवा, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

तिरंगा रैली और प्रभात फेरी से गूंजा देशभक्ति का संदेश

ध्वजारोहण के बाद स्कूली बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली निकाली। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के साथ स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। तिरंगे के साथ उत्साहपूर्वक निकली रैलियों से अमृत सरोवरों के आसपास देशभक्ति का वातावरण बना रहा।

‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ में ग्रामीणों ने साझा किए विकास के मुद्दे

‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को गांव के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिला। ग्रामीणों ने स्थानीय जरूरतों, सुविधाओं और विकास की प्राथमिकताओं पर संवाद किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी से विकास की दिशा तय करने और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

पौधारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर परिसरों में पौधारोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। अमृत सरोवरों के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने की इस पहल से जल संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

श्रमदान से चला स्वच्छता अभियान

समारोह के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं ने अमृत सरोवर परिसरों में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। सरोवरों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। इस दौरान ग्रामीणों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

जिले के 119 अमृत सरोवरों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव केवल ध्वजारोहण तक सीमित न रहकर देशभक्ति, जनभागीदारी, ग्रामीण संवाद, जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ा। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *