PTV BHARAT 23 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : सेवा की कहानी : रंगों में सजे सपने, नन्हे कलाकारों ने गढ़ा विकसित भारत का चित्र – सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की पहलें केवल सुविधाएं पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें अभिव्यक्ति का अवसर देने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसकी प्रेरक झलक जगदलपुर के शासकीय अस्थि बाधितार्थ बालगृह में देखने को मिली, जहां दिव्यांग बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और सपनों को कैनवास और रंगोली में उकेरा।
‘विकसित भारत, मेरे सपनों का भारत’ रहा विषय – 22 सितंबर को आयोजित चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों के भारत की तस्वीर रंगों में सजाई। किसी की कल्पना में आत्मनिर्भर भारत नजर आया तो किसी ने स्वच्छ, समृद्ध, शिक्षित और सशक्त राष्ट्र को चित्रित किया।
रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने खींचा ध्यान – शारीरिक चुनौतियों के बावजूद बच्चों की कल्पनाशक्ति और सृजनात्मकता में कोई कमी नहीं दिखी। उनकी कलाकृतियों ने संदेश दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर हर प्रतिभा अपनी अलग पहचान बना सकती है।
आयोजन बच्चों के लिए अपनी भावनाओं और सपनों को व्यक्त करने के साथ आत्मबल मजबूत करने का माध्यम भी बना। उत्कृष्ट कलाकृतियों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और बच्चों के हुनर की सराहना की गई।

