PTV BHARAT 23 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : अटारी स्थित बॉटनिकल गार्डन का होगा पुनर्विकास, पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और नए आकर्षण – छत्तीसगढ़ सरकार प्राकृतिक धरोहरों को संवारने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रायपुर के अटारी स्थित प्रसिद्ध नंदनवन को पीपीपी (सार्वजनिक-निजी भागीदारी) मॉडल पर नए स्वरूप में विकसित करेगी। पुनर्विकास परियोजना पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पीपीपी समिति ने परियोजना को दी मंजूरी – मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में नंदनवन पुनर्विकास परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया गया, जिसे नंदनवन पीपीपी समिति ने अनुमोदित किया। बैठक में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नंदनवन को पर्यावरण एवं पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई।
आधुनिक सुविधाओं के साथ बढ़ेंगे नए आकर्षण – योजना के तहत प्राकृतिक संतुलन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बॉटनिकल गार्डन का पुनर्विकास किया जाएगा। परिसर में पर्यटकों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छ सुविधाएं और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए नए आकर्षण और गतिविधियां भी जोड़ी जाएंगी।
राज्य सरकार प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के साथ पर्यटन को नई गति देने पर जोर दे रही है। नंदनवन का पुनर्विकास प्रकृति, पर्यावरण और आधुनिक जन-सुविधाओं के समन्वय के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय और बाहरी पर्यटकों के अनुभव में सुधार आएगा।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पीसीसीएफ अरूण कुमार पांडेय, विधि एवं विधायी विभाग के प्रमुख सचिव मनीष कुमार ठाकुर, नीति आयोग के सदस्य आशीष भट्ट, वित्त विभाग सहित समिति के अन्य सदस्य और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल हुए।

