PTV BHARAT 23 SEPTEMBER 2026 – रायपुर : दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना ही सेवा का उद्देश्य : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा – कबीरधाम के पीजी कॉलेज डोम, कवर्धा में बुधवार को आयोजित निःशुल्क विशाल दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर में करीब एक हजार दिव्यांगजनों का पंजीयन हुआ। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शिविर का शुभारंभ कर हितग्राहियों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर, सकल जैन समाज, भारतीय जैन संगटना (छत्तीसगढ़) और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, ट्राइसाइकिल सहित जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उपकरणों से लौटा आत्मविश्वास – शिविर में हितग्राहियों ने उपकरणों का उपयोग कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। एक हितग्राही ने कृत्रिम पैर की सहायता से बाइक चलाकर दिखाई, जबकि दूसरे ने कृत्रिम हाथ से पानी का गिलास उठाकर दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता बताई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ये उपकरण केवल हाथ-पैर का सहारा नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के जीवन में बदलाव और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम हैं।
लगातार हो रहे सेवा कार्य – विजय शर्मा ने जैन समाज, भारतीय जैन संगठन, भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति और एनएसई फाउंडेशन के सहयोग की सराहना की। उन्होंने राजस्थान से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा मौके पर ही कृत्रिम अंग तैयार करने की प्रक्रिया भी देखी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार वर्षों से कवर्धा में इस तरह के सेवा कार्य लगातार हो रहे हैं।
बस्तर में आईईडी विस्फोट से दिव्यांग हुए लोगों तक पहुंचेगी सेवा – उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी तरह के शिविर जगदलपुर और दंतेवाड़ा में भी आयोजित किए जाएंगे। बस्तर में आईईडी विस्फोटों के कारण दिव्यांग हुए लोगों को चिन्हांकित कर कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों के माध्यम से ऐसे दिव्यांगजनों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उन्हें शिविरों तक लाकर कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जा सकें।
कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर – दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के साथ कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों से जोड़ना जरूरी है। रायपुर में दिव्यांगजनों के लिए कौशल विकास केंद्र तैयार किया जा रहा है, जहां विभिन्न ट्रेड के साथ डिजिटल मार्केटिंग और वित्तीय प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वरोजगार के लिए कम ब्याज दर पर ऋण और पात्र हितग्राहियों को ऋण पर अनुदान की व्यवस्था भी बताई गई।
23 से 26 सितंबर तक चलेगा शिविर – राजस्थान से आई विशेषज्ञ टीम मौके पर ही कृत्रिम अंग तैयार कर जरूरत के अनुसार उनका परीक्षण और फिटिंग कर रही है। शिविर में श्रवण, दृष्टि और अस्थि बाधित दिव्यांगजनों सहित विभिन्न श्रेणियों के हितग्राहियों का पंजीयन हुआ है। चार दिवसीय शिविर में 23 से 26 सितंबर तक जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

