PTV BHARAT 23 SEPTMBER 2026 रायपुर (छत्तीसगढ़) दिनांक 21.09.2026। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ राज्य सरकार पर सवाल उठाया है कि क्या आपकी यह योजना पूर्णतया बंद कर दी गई है? उपाध्याय ने बताया कि लगातार छत्तीसगढ़ के निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना का लाभ मरीजों को, खासकर प्रदेश की माताओं और बहनों को आयुष्मान योजना अंतर्गत कुछ भी लाभ नहीं दिया जा रहा है या यूँ कहें कि अब आयुष्मान भारत योजना सिर्फ नाम ही रह गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना अंतर्गत सिजेरियन डिलीवरी सहित कई सुविधाएँ योजना से बाहर कर दी गई हैं, यहाँ पर निजी अस्पतालों में महिलाओं को कई जरूरी गायनी इलाज का लाभ नहीं मिल रहा है एवं सिजेरियन, डिलीवरी, गर्भाशय ऑपरेशन, अंडाशय सर्जरी और सर्वाइकल कैंसर जाँच जैसी सुविधायें भी योजना से बाहर कर दी गई हैं। जिस कारण मरीजों को निजी अस्पताल में स्वयं का खर्च वहन करना पड़ रहा है और अधिकांश मरीज शासकीय अस्पतालों की ओर जा रहे हैं। उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शासकीय अस्पतालों की जो वर्तमान दशा भाजपा सरकार ने कर रखी है उसी के परिणाम स्वरूप आज निजी अस्पतालों में पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है जहाँ मरीज आयुष्मान कार्ड से उपचार कराकर संतुष्ट तो रहता था लेकिन अब मरीजों की निजी अस्पतालों में वृद्धि छत्तीसगढ़ के विष्णुदेव सरकार को खल रही है इसलिये विष्णुदेव सरकार आयुष्मान से मिलने वाले उपचार को बंद करवा रहे हैं ताकि मरीज अपनी जमा-पूँजी निजी अस्पतालों में फूँक दें।उपाध्याय ने पूर्व में भी भाजपा सरकार द्वारा किये गये शासकीय अस्पतालों में महत्वपूर्ण उपचारों को बंद करने पर सवाल उठाया था कि मेकाहारा जैसे अस्पताल में 50 दिन से बायपास व ओपन हार्ट सर्जरी बंद क्यों है? क्या मेकाहारा में ओपन हार्ट सर्जरी बंद कर प्रायवेट अस्पतालों से आपकी मिलीभगत तो नहीं। छत्तीसगढ़ की जनता को कभी आयुष्मान के नाम पर तो कभी दवाईयों को लेकर तो कभी सर्जरी के नाम पर भटकाया जा रहा है। उपाध्याय ने कहा कि मोदी की हर गारंटी छत्तीसगढ़ में शून्य है। 3 साल से ऑपरेशन थियेटर अधूरा पड़ा है, 10 करोड़ का प्रावधान केवल कागजों में ही सीमट कर रह गया है जनता के ईलाज हेतु मिले फंड को छ.ग. की बीजेपी सरकार अपनी जेबों में भर रही है। अभी तक एसीआई में बच्चों की हार्ट सर्जरी और ट्रांसप्लांट शुरू नहीं हो पाई है। उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी की साय सरकार लगातार अपनी नाकामी प्रदर्शित कर रही है जिसे छत्तीसगढ़ की जनता बखूबी देख-समझ रही है और कांग्रेस पार्टी जनता के हित में सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क पर लड़ाई लड़ने कमर कस ली है। उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग गरीब व मध्यम परिवारों के लिये सभी मुफ्त चिकित्सा समाप्त कर रही है गरीब व मध्यम परिवारों की जान से खिलवाड़ कर रही है, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तत्काल इस्तीफा दें।
आयुष्मान योजना अंतर्गत सिजेरियन डिलीवरी का नहीं मिल रहा लाभ
