रायपुर : राज्योत्सव में राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं ने खींचा लोगों का ध्यान

PTV BHARAT 2 NOVEMBER 2026 – रायपुर : राज्योत्सव में राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं ने खींचा लोगों का ध्यान

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित प्रदर्शनी में राजस्व विभाग का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नागरिक जियो रेफरेंसिंग, ऑटो म्यूटेशन, ऑनलाइन नामांतरण, बंटवारा और राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण जैसी सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं। ग्रामीणों ने इन ऑनलाइन सेवाओं को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर कम हो रहे हैं और समय एवं धन की बचत हो रही है।

बलौदाबाजार-भाटापारा के ग्रामीणों ने सराही ऑनलाइन सुविधाएं

सिमगा विकासखंड के ग्राम सकलोर निवासी दिलीप वर्मा और वेदराम वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि पहले छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए तहसील और अन्य कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे। अब ऑनलाइन सुविधाओं से प्रक्रियाएं आसान हुई हैं और घर बैठे राजस्व संबंधी जानकारी मिल रही है।

इसी जिले के ग्राम पठारीडीह से पहुंचे महेंद्र साहू, राजाराम, अश्वनी और तिलक सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा सुविधाजनक हुई है। अविवादित नामांतरण और बंटवारा जैसे कार्यों में समय कम लगने से किसानों और आम नागरिकों को राहत मिली है। ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों के कारण जरूरत पड़ने पर कहीं से भी रिकॉर्ड प्राप्त करना आसान हो गया है।

रायपुर और जांजगीर के ग्रामीणों ने भी जताई संतुष्टि

रायपुर जिले के ग्राम बुड़गहन से पहुंचे मनोज, सालिक और जितेंद्र ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से राजस्व कार्यों में पारदर्शिता बढ़ रही है। वहीं, जांजगीर जिले से आए जीवन लाल, ओंकार और ललित सहित अन्य ग्रामीणों ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से जमीन संबंधी अभिलेखों की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा को उपयोगी बताया।

विभिन्न जिलों से पहुंचे ग्रामीणों ने राजस्व सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इन सुविधाओं का और विस्तार होगा, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

डिजिटल तकनीक से राजस्व सेवाओं को बनाने का प्रयास

प्रदर्शनी में जियो रेफरेंसिंग के माध्यम से भूमि अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन और ऑटो म्यूटेशन से नामांतरण प्रक्रिया को सरल बनाने की जानकारी दी जा रही है। इन नवाचारों के जरिए राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्योत्सव में विभाग का यह स्टॉल नागरिकों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने के साथ विभागीय उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी देने का माध्यम बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *