अम्बिकापुर : ग्राम रजपुरी में सामुदायिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 582 ग्रामीणों ने लिया सेवाओं का लाभ

PTV BHARAT 4 NOVEMBER 2026 – अम्बिकापुर : ग्राम रजपुरी में सामुदायिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 582 ग्रामीणों ने लिया सेवाओं का लाभ

स्वास्थ्य विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ग्राम रजपुरी के हाईस्कूल मैदान में एक दिवसीय सामुदायिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें रजपुरी स्वास्थ्य उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाली चार ग्राम पंचायतों रजपुरी, डेकिडोली, सहनपुर और बगडोली के कुल 582 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोग शामिल रहे।

मेले का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, उपचार, परामर्श तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराना था। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं देने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।

विभिन्न विभागों ने मिलकर दी स्वास्थ्य सेवाएं

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और मितानिन कार्यक्रम की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. पुष्पेंद्र राम, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एन. पैकरा और विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक दिलीप चंद्रा उपस्थित रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुसू के प्रभारी ने भी आयोजन और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आरबीएसके दल, मितानिन ब्लॉक समन्वयक सरिता, रजपुरी स्वास्थ्य उपकेंद्र के कर्मचारियों तथा चारों पंचायतों की मितानिन कार्यकर्ताओं ने सेवाएं प्रदान कीं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सेक्टर पर्यवेक्षक पुष्पलता एवं नेहा ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और आंगनबाड़ी सेवाओं से संबंधित गतिविधियों में सहयोग किया।

स्वास्थ्य विभाग, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों से स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *