PTV BHARAT 7 NOVEMBER 2026- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : महतारी वंदन योजना से आत्मनिर्भरता की नई उड़ान, मिट्टी के दीये और गुल्लक बनाकर स्वदेशी परंपरा को दे रहीं बढ़ावा
दीपावली का पर्व रोशनी, खुशियों और आत्मनिर्भरता का संदेश लेकर आता है। इस अवसर पर पेंड्रा विकासखंड के नवागांव निवासी महतारी वंदन योजना की हितग्राही संतोषी प्रजापति अपने हुनर और मेहनत से न केवल परिवार की खुशहाली में योगदान दे रही हैं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को भी साकार कर रही हैं।
महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की राशि मिलने के बाद संतोषी इस धनराशि का उपयोग मिट्टी के दीये और गुल्लक बनाने के कार्य में कर रही हैं। उनके द्वारा तैयार मिट्टी के दीये घर-आंगन को रोशन करने के साथ पारंपरिक कला और स्वदेशी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं। वहीं, मिट्टी की गुल्लक के माध्यम से वे बचत की अच्छी आदत को भी प्रोत्साहित कर रही हैं।
मिट्टी के शिल्प के साथ बकरी पालन से बढ़ा रहीं आजीविका
संतोषी केवल मिट्टी के दीये और गुल्लक बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बकरी पालन का कार्य भी कर रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से वे अपनी आजीविका मजबूत बनाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही हैं।
महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उन्हें अपने हुनर को आगे बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में मददगार साबित हो रही है। उनकी यह पहल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, पारंपरिक कारीगरी को प्रोत्साहित करने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संदेश दे रही है।
संतोषी प्रजापति ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस दीपावली स्थानीय कारीगरों के हाथों से बने मिट्टी के दीये अपनाकर ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करें और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करें।

