PTV BHARAT 7 NOVEMBER 2026- सक्ती : एफएफएस ऐप के ई-टोकन से जिले में खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू, किसानों को कतारों से मिलेगी राहत
जिले में किसानों को खाद का पारदर्शी और सुगम वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एफएफएस (Framework For Fertilizer Sale – FFS App) के माध्यम से ई-टोकन आधारित खाद उठाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था के तहत अब किसानों को खाद लेने के लिए दुकानों पर लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी।
किसान अपने मोबाइल पर गूगल प्ले स्टोर से एफएफएस ऐप डाउनलोड कर ई-टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित खाद विक्रेता के यहां से भारत यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों का उठाव कर सकेंगे।
खाद वितरण में पारदर्शिता और कालाबाजारी पर लगेगी रोक
नई व्यवस्था से खाद वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इससे वास्तविक किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी। ई-टोकन व्यवस्था के तहत किसान का नाम, आधार लिंक्ड विवरण और खाद की मात्रा डिजिटल रूप से दर्ज होगी। इससे खाद वितरण का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
जिले में श्री हनुमान ट्रेडिंग कंपनी, सपोस (विकासखंड डभरा) और नमन ट्रेडर्स, बीरभाठा (विकासखंड मालखरौदा) सहित अन्य अधिकृत खाद विक्रेताओं के माध्यम से इस व्यवस्था के तहत वितरण शुरू कर दिया गया है। किसानों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
किसानों से एफएफएस ऐप पर पंजीयन की अपील
कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे एफएफएस ऐप पर पंजीयन कराकर ई-टोकन के माध्यम से ही खाद का उठाव करें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर किसान कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

