PTV BHARAT 23 JUNE 2026 – अम्बिकापुर : सुशासन समाधान शिविरों के माध्यम से 1062 हितग्राहियों को वृद्धा पेंशन योजना की मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आयोजित सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में आयोजित समाधान शिविरों के माध्यम से विभिन्न जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।
इसी क्रम में वृद्धा पेंशन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए जिले के 1062 पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा के साथ आर्थिक संबल भी प्राप्त होगा।
विकासखंडवार लाभान्वित हितग्राहियों में अम्बिकापुर के 28, लखनपुर के 57, उदयपुर के 369, लुण्ड्रा के 134, बतौली के 325, सीतापुर के 84 तथा मैनपाट के 65 वृद्धजन शामिल हैं, जिन्हें समाधान शिविरों के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन योजना से जोड़ा गया है।
शिव कुमार दुबे को मिली राहत
ग्राम सखौली निवासी शिव कुमार दुबे ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसका समाधान शिविर में त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। स्वीकृति पत्र मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता चुनौती बन गई थी, लेकिन अब नियमित पेंशन मिलने से दैनिक जरूरतों को सम्मानपूर्वक पूरा करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गांव में आयोजित समाधान शिविरों से बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है। पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही समस्याओं का निराकरण हो रहा है। इसके लिए उन्होंने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव
प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविरों का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा शासन की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वृद्धा पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है ताकि वरिष्ठ नागरिकों को समय पर सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
सखौली के शिव कुमार दुबे सहित जिले के अनेक वृद्धजन आज शासन की योजनाओं से लाभान्वित होकर आर्थिक रूप से सशक्त बने हैं। उनके जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का भाव मजबूत हुआ है। सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु बनकर जनकल्याण की दिशा में प्रभावी परिणाम दे रहा है।

