PTV BHARAT 23 JUNE 2026 – अम्बिकापुर : ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ से आसान हुआ ग्रामीण जीवन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, सुलभ और नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना ग्रामीणों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। इससे न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गई है।
परिवहन के अभाव में होती थी परेशानी
जिले के ग्राम सिधमा निवासी ज्ञानेश्वर, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बताते हैं कि उनका मुख्य कार्य बर्तनों की सफाई और पॉलिश करना है, जिसके लिए उन्हें प्रतिदिन गांव से बाहर जाना पड़ता है। पहले नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बस पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और निजी साधनों या अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था।
अब काम पर जाना हुआ आसान
ज्ञानेश्वर ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू होने के बाद उनकी दैनिक दिनचर्या काफी आसान हो गई है। अब वे प्रतिदिन सुबह और शाम समय पर अपने कार्यस्थल तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं।
इस सुविधा का लाभ केवल कामगारों को ही नहीं, बल्कि स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, महिलाओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले ग्रामीणों को भी मिल रहा है।
अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। पहले आवागमन के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती थी, जबकि अब सभी लोग आसानी से अपने कार्यस्थल और गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण विकास को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से अंतिम छोर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था मजबूत होने से अब शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों तक लोगों की पहुंच और अधिक आसान हो गई है।
योजना ग्रामीण विकास को नई गति देने के साथ-साथ दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
