दंतेवाड़ा : सेवा सेतु से मिली राहत, अब राजपत्र में नाम संशोधन की प्रक्रिया हुई आसान

PTV BHARAT 06 AUGUST 2026 – दंतेवाड़ा : सेवा सेतु से मिली राहत, अब राजपत्र में नाम संशोधन की प्रक्रिया हुई आसान – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों को घर के नजदीक सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पहल लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। इसका लाभ दंतेवाड़ा जिले की निवासी धिन्नो कड़ियामी को भी मिला। आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें लंबे समय से विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं की राशि भी उन्हें प्राप्त नहीं हो पा रही थी। आधार में नाम सुधार कराने के लिए पहले राजपत्र (नेम चेंज) में नाम प्रकाशित कराना आवश्यक था, जिसके लिए दस्तावेज जमा करने राजनांदगांव तक जाना पड़ता था। यह प्रक्रिया समय, धन और श्रम की दृष्टि से काफी कठिन थी।

अब सेवा सेतु के माध्यम से यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध होने से उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा कर राजपत्र में नाम संशोधन की प्रक्रिया शुरू कराई। ऑनलाइन माध्यम से राजपत्र में नाम प्रकाशित होने की प्रक्रिया आगे बढ़ी, जिससे आधार कार्ड में नाम सुधार का रास्ता भी आसान हो गया है। धिन्नो कड़ियामी ने बताया कि सेवा सेतु के कारण उन्हें अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी और समय बचाने वाली साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *